Sunday, May 29, 2011

मेरा बचपन ऐसे बीता ,,,,,,,,,,(भाग – 5)

मयाभाववश कुछ विलम्ब हेतु खेद है. मुझे खुशी हुई कि आप अपने बचपन की स्मृतियों में कुछ पल के लिये लौट रहे हैं. बचपन की स्मृतियाँ चाहे प्राथमिक शाला की हों ,चाहे बचपन के खेलों की या फिर गर्मी की छुट्टियाँ बिताने की , बहुत मीठी होती हैं. भाग - 4 में कुछ खेलों के बारे में बताना शुरु किया था. मुझे लगा था कि सारे खेल संक्षेप में एक ही पोस्ट में आ जायेंगे, मगर मन में आया कि जरा विस्तार से लिखूँ, क्या पता किसी को पसंद आ जायें और वो खेल पुनर्जीवित हो उठें.
चलिये , फिकी-फिकी व्हाट कलर के बारे में जानें . इस खेल को भी हम 4 से 6 वर्ष की उम्र में खेलते थे. प्रतिभागी होते थे हम-उम्र भाई-बहन और पास-पड़ोस के बच्चे. इस खेल में दाम देने वाला बच्चा ( भाग -4 में दाम देने को परिभाषित किया गया है) किसी दीवार से पीठ टिका कर सामने खड़े बच्चों से कहता है –फिकी फिकी व्हाट कलर. सामने खड़े बच्चे एक साथ कहते हैं – कौन सा रंग ? दाम देने वाला बच्चा कुछ सोच – समझ कर किसी भी एक रंग का नाम लेता है ,जैसे कि लाल . तुरंत ही सामने खड़े बच्चों को भाग कर किसी भी लाल रंग की वस्तु को छूना होता है. लाल रंग की वस्तु को तलाश कर छू पाने के पहले यदि किसी को , दाम देने वाले बच्चे ने छू लिया तो वह आउट माना जाता है और उसे दाम देना पड़ता है. इस खेल से बच्चों में रंगों को पहचानने की शक्ति का विकास होता है. दाम देने वाला बच्चा भी सजग रहता है कि आस – पास कौन से रंग की वस्तु नहीं है ताकि उस रंग की वस्तु को खोजने में समय लगे और उसे अन्य खिलाड़ी को आउट करने के लिये ज्यादा समय मिलेगा. आनंद के साथ – साथ ज्ञान वर्धक खेल को क्या पुनर्जीवित करने में कोई बुराई है ? तो सिखाइये ना अपने और पास –पड़ोस के 4 – 6 वर्ष के बच्चों को फिकी-फिकी व्हाट कलर.
रेस – टीप का खेल – यह खेल ना जाने कब से खेला जा रहा है. वर्तमान युग में भी रेस-टीप आयु वर्ग 6 से 10 वर्ष तक के बच्चों की पहली पसंद है. संक्षेप में रेस-टीप खेलने की विधि बता ही देता हूँ. इस खेल में दाम देने वाला बच्चा आँखें बंद कर दीवार की ओर मुँह करके माथे को दीवार से लगभग चिपका कर खड़ा होता है. दोनों हथेलियों को दीवार और चेहरे से मिलाते हुये कुछ इस प्रकार से रखता है कि आजू-बाजू भी देख ना पाये. इस अवस्था में वह पूर्व निर्धारित कोई संख्या तक (50 या 100 तक) जोर-जोर से गिनती गिनता है. गिनती पूर्ण होने के पहले ही अन्य बच्चे आस –पास ही कहीं छुप जाते हैं. गिनती पूर्ण होते ही दाम देने वाला बच्चा छुपे हुये साथियों को सतर्क होकर  ढूँढना प्रारम्भ करता है . छुपा हुआ साथी ज्यों ही उसे दिखता है ,उसे कहना होता है – पहला टीप अमुक   ( पहले खोजे गये बच्चे का नाम ) इसी प्रकार से अन्य साथियों को भी ढूँढ कर क्रमश: दूसरा टीप अमुक(  खोजे गये दूसरे बच्चे का नाम )  ,तीसरा टीप अमुक ( खोजे गये तीसरे बच्चे का नाम ) कहते हुये सभी साथियों को ढूँढना होता है.यदि सभी साथियों को ढूँढने में वह सफल हो जाता है तो अगले गेम में पहला टीप वाला बच्चा दाम देता है. इस प्रक्रिया के दौरान यदि किसी भी छुपे हुये बच्चे ने दाम देने वाले बच्चे को उसका नाम लेने के पहले ही ”रेस” कह कर  छू लिया तो दाम देने वाला बच्चा पुन: दाम देता है. इस खेल से सजग रहने का अभ्यास होता है, खोजने की प्रवृत्ति विकसित होती है तथा मस्तिष्क की सक्रियता बढ्ती है. साथ ही बच्चे सभी साथियों के नाम से भली-भाँति परिचित हो जाते हैं. लुका-छुप्पी का यह खेल कैसा लगा ?..........क्रमश:.....................
-अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर,दुर्ग
(छत्तीसगढ़)

Wednesday, May 25, 2011

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,,,,,,,(भाग-4)


बाल्यकाल के खेल यानी मनोरंजन के साथ व्यायाम और व्यायाम के साथ साथ बौद्धिक विकास. दस वर्ष की उम्र तक के खेल भी बड़े निराले हुआ करते थे. कटमट-राइट ,नदी-पहाड़ ,फिकी-फिकी व्हाट कलर, रेस-टीप ,पिट्टूल , डंडा-पचरंगा, तिरि-पासा ,बिल्लस ,रस्सी ,फुगड़ी ,गोटा आदि.
कटमट-राईट में स्लेट पर दो आड़ी समानांतर रेखायें खींचीं जाती थी उनको बीचों बीच लम्बवत काटती हुई दो अन्य समानांतर रेखायें खींचने से नौ खंडों की आकृति बन जाती थी. इस खेल को दो बच्चे खेल सकते थे. खेल की शुरुवात करते हुये पहला बच्चा राईट का निशान अंकित करता था.दूसरा बच्चा अन्य खाने में क्रास का निशान बनाता था ,फिर पहला किसी खाने में राईट का निशान बनाता था. स्लेट पर बनी आकृति के तीन क्षैतिज तथा तीन उर्ध्व खानों में से किसी भी एक खाने में जिसके लगातार तीन निशान बन जाते थे वह जीत जाता था. स्लेट साफ करके तुरंत ही दूसरा राउंड शुरु हो जाता था. यह खेल कापी पर भी आकृति तैयार करके खेला जा सकता है. इस खेल से बच्चों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता था. आप भी अपने बच्चे (किसी भी उम्र के) या जीवन साथी के साथ इस इनडोर गेम को खेल कर देखें. बहुत आनंद आयेगा ,पारिवारिक नजदीकियां बढ़ेंगी और तनाव से मुक्ति मिलेगी. लागत शून्य – फायदा असीमित.
नदी-पहाड़ का खेल प्राय: चार से छ: वर्ष की उम्र के बच्चों को बहुत ही प्यारा लगता है. घर के सामने का आंगन ही नदी होता था और आसपास के चबूतरे या धरातल से ऊँचा कोई सा भी स्थान पहाड़ माना जाता था. एक ही आयु वर्ग के भाई –बहन और आस-पड़ोस के बच्चों के साथ  इसे खेलते थे. इस खेल में एक बच्चा नदी (धरातल) में रहता था बाकी एक पहाड़ से दूसरे पहाड़ तक  नदी से होकर दौड़ कर जाते थे .इसी दौरान नदी वाला बच्चा अन्य बच्चों को पहाड़ पर पहुँचने के पहले ही छूने का प्रयास करता था. खेल की भाषा में इसे “दाम देना” कहते थे. दाम देने वाला जब किसी को पहाड़ पर पहुँचने के पहले छू लेता था वह आउट माना जाता था और फिर उसे दाम देना पड़ता था. दाम लेने वाले बच्चे सतर्क होकर नदी में उतर कर दाम देने वाले को कमर मटका कर चिढ़ाते हुये गाते थे – तेरी नदी में छम्मक-छू. दाम देने वाला बच्चा दौड़ कर उन्हें छूने का प्रयास करता था. इस खेल में शारीरिक व्यायाम के साथ साथ सतर्क रहने तथा अपना बचाव करने की शक्ति का विकास सहज ही होता
था..................................क्रमश:..............................................
 
-अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर,दुर्ग
(छत्तीसगढ़)

Monday, May 23, 2011

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,,,,,,,(भाग-3)


स्लेट पट्टी हमारे जमाने मेँ साफ्ट कापी का काम करती थी. लिखो मिटाओ फिर उपयोग मेँ लाओ. उसी मेँ अभ्यास, उसी मेँ गृह कार्य .बाल मन कितना भोला होता है , यह अब समझ मेँ आता है. गीली स्लेट को सुखाने के लिये एक मंत्र का जाप करते थे ....मेरी पट्टी सूख जाय, सबकी पट्टी मत सूखे. इस दौरान पट्टी और अपने दिल को सीधी हथेली से एक के बाद एक् छूने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती थी. उस उम्र मेँ ऐसा विश्वास था कि ऐसा करने से पट्टी जल्दी सूखती है. कितना भोला था बचपन.
एक विषय मन-गणित हुआ करता था जिसमेँ मौखिक प्रश्नो के उत्तर मन ही मन मेँ ही हल करके मौखिक रूप से देना होता था. “इमला” के अंतर्गत गुरुजी मौखिक वाक्य बोलते थे उसे स्लेट पर लिखना पड़्ता था. हम सभी टाट पट्टी पर बैठते थे. फर्रास जब घंटी बजाता था तो छुट्टी होने की खुशी मेँ सारी कक्षाओँ के बच्चे एक साथ चिल्लाकर शोर मचाते हुये कक्षाओँ से बाहर निकलते थे. वाह प्राथमिक शाला का वह समय कितना सुखद था.
प्राथमिक शाला मेँ पढाई के अलावा शारीरिक स्वच्छता पर भी ध्यान दिया जाता था. समय-समय पर गुरुजी स्वयम हमारे नाखून, बाल और दांतोँ की जांच करते थे. हमेशा साफ-सुथरा रहना पड़्ता था. कला का विकास करने के लिये बीच बीच मेँ रंगीन कागज के फूल बनाना और मिट्टी के खिलौने बनाना भी सिखाया जाता था. काली मिट्टी को बारीक पीस कर छानना, फिर पानी मिला कर आटे की तरह सानना, मजबूती रखने के लिये मिट्टी मेँ कपास के रेशोँ को मिलाना अब तक वह प्रक्रिया भुला नहीँ पाया.
इस प्रकार से तैयार की गई मिट्टी से आम, अनार, अंगूर, केला, सीताफल जैसे खिलौने बनाते थे . मिट्टी सूखने के बाद रंगीन चाक का चूरा बना कर खिलौने मेँ रंग भरा करते थे. पुट्ठे के बड़े से डिब्बे से मकान बनाया करते थे.इस मकान को रंग बिरंगे चमकीले कागजोँ से सजा कर् शाला ले जाया करते थे. अब ऐसी बहुउद्देशीय शालायेँ कहाँ मिलेंगी ,जिनमेँ बच्चोँ का सर्वांगीण विकास किया जाता था. यादेँ और बातेँ छोटी-छोटी जरूर हैँ मगर यही युग परिवर्तन की दास्तान है......क्रमश:...........
-अरुण कुमार निगम
 आदित्य नगर,दुर्ग
 (छत्तीसगढ)

Sunday, May 22, 2011

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,, (भाग-2)


प्राथमिक शाला में जाने के लिये एक बस्ता (कपड़े का सिला हुआ) उस में स्लेट कलम ,स्लेट साफ करने के लिये एक छोटी सी शीशी में पानी और छोटा सा कपड़े का टुकड़ा (अगर स्पंज का टुकड़ा मिल गया तो रईस –सी शान हो जाती थी), एक बाल-भारती की किताब , एक गणित की किताब और शायद एकाध और किताब. हल्की उम्र के लिये हल्का सा बस्ता. वेशाभूषा में सफेद कमीज और नीली पैंट. ना टाई की झंझट , ना जूते-मोजे की अनिवार्यता ,ना ही  टिफिन हुआ करता था.
हिंदी की लिपि सिखाने के लिये गुरुजी श्याम पट पर चाक से ग ,म ,भ ,झ (ये वाला “ झ “ नहीं भ में पूँछ लगा कर बनाया जाने वाला झ जो इस ” की-बोर्ड “ में उपलब्ध नहीं है) वाला पैटर्न उपयोग में लाते थे. लेखन को बारीकी से सिखाने के लिये खड़ी डंडी , आड़ी डंडी , आधा गोला , पूरा गोला , उल्टा आधा गोला , उल्टा पूरा गोला बनाने का अभ्यास कराया जाता था. अक्षर लेखन के साथ ही साथ उच्चारण के अभ्यास कई दिनो तक कुछ इस तरह से कराये जाते थे...अनार के अ ,आम के आ......कलम के क ,खरगोश के ख.......इसी तरह से गिनती और पहाड़े का सामूहिक पाठ होता था. तब के पहाड़े इतने कंठस्थ हो गये कि आज भी हमें कैल्कुलेटर की जरूरत नहीं पड़ती.
कक्षा खत्म होने पर गुरुजी द्वारा छोड़े गये चाक के छोटे – छोटे टुकड़ो को बीन कर अपने बस्ते में रख लिया करते थे.कभी रंगीन चाक के टुकड़े मिल जाते तो लगता था मानो कोई दौलत मिल गई हो.पहली से पाँचवी की बाल-भारती की कवितायेँ अभी तक याद हैँ.
अमर घर चल . चल घर अमर.
झिलमिल झिलमिल तारे चमके , चंदा चमके चम-चम.
बड़ी भली है अम्मा मेरी ,ताजा दूध पिलाती है.मीठे-मीठे फल ले-लेकर मुझको रोज खिलाती है.
माँ खादी की चादर ले दे , मैँ गाँधी बन जाऊँ. सब मित्रोँ के बीच बैठ कर रघुपति राघव गाऊँ.
यह कदम्ब का पेड़ अगर माँ , होता यमुना तीरे , मैँ भी उस पर बैठ कन्हैया बनता धीरे-धीरे .
हमारी शाला मेँ तिलक पुण्यतिथि , नाग पंचमी, गणेशोत्सव तथा राष्ट्रीय पर्व काफी उत्साह से मनाये जाते थे.नाग पंचमी के दिन स्लेट मेँ नाग देवता का चित्र बना कर नारियल फूल और प्रसाद लेकर शाला जाते थे. गणेशोत्सव मेँ शाला मेँ ही गणेश जी की स्थापना की जाती थी.पूरे ग्यारह दिनोँ तक रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ करते थे.
क्या आज दस वर्ष की उम्र तक बच्चे इतने उन्मुक्त वातावरण मेँ बिना बोझ के अपनी प्राथमिक शिक्षा ले रहे हैँ ? क्रमश:........

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,,(भाग-१)

गुजरा जमाना बचपन का,हाये रे अकेले छोड़ के जाना,और न आना बचपन का आया है मुझे फिर  याद वो जालिम...राजकपूर साहब की फिल्म तीसरी कसम का यह गीत मुकेश जी की आवाज में सभी ने सुना होगा.इस गीत को सुन कर सभी को अपने-अपने बचपन की याद जरुर आती होगी.शायद चार वर्ष की उम्र की धुंधली सी यादें,फिर प्राथमिक शाला की यादें,उसके बाद किशोरावस्था की यादें,फिर ग्यारहवीं कक्षा की यादें.

बचपन के संगी-साथी,कुछ अभिन्न सहपाठी,कुछ गुरुजनों की यादें,दादा-दादी,नाना-नानी की गोद में बैठ कर कहानियाँ सुनना ,कुछ कच्ची उम्र की शरारतें,फिर कालेज के शुरुवाती दिनों की यादें.पढ़ाई पूर्ण होने के बाद कुछ दिन बेरोजगारी के,कुछ यादें नौकरी लगने के प्रारंभिक दिनों की,कुछ आकर्षण,कुछ लगाव.दांपत्य जीवन का प्रारंभ,आँगन में नन्हे बच्चों की किलकारियां.उन बच्चों के बचपन के सूर्योदय के साथ ही अपने बचपन का सूर्यास्त,फिर स्वभाव में कुछ गंभीरता.धीरे-धीरे घर और आफिस की जवाबदारी में अपने आप को भूल जाने की मजबूरियाँ.

शायद  प्रौढ़ावस्था तक का जीवन चक्र यही है.उम्र के इस पड़ाव में जब कभी भी थोड़ी सी फुर्सत मिलती है,बचपन याद आता है और मन में एक मीठी सी गुदगुदी होने लगती है.मेरा बचपन छत्तीसगढ़ के दुर्ग  शहर में बीता है.पिताजी बैथस् र्ट प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक थे .पाँच वर्ष की उम्र में मुझे  शाला लेकर गए.अन्य अध्यापक श्री राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने मुझसे  कुछ प्रश्न पूछे फिर बायें हाथ को सिर के ऊपर से लेजाते  हुए दाहिने कान को छूने को कहा.हाथ की उंगलियाँ कान को छूने में सफल रहीं.गुरूजी ने कहा ठीक है कल से शाला आ जाना.दाखिल-ख़ारिज में नाम दाखिल हो गया.उस ज़माने में शाला में भर्ती करने  के लिए इसी प्रकार से कान छूने की प्रथा चला करती थी.इससे यह पता चलता था कि बच्चे की उम्र  शाला में  भर्ती करने के लायक हो गई है.(क्रमश:)

 -अरुण कुमार निगम
  आदित्य नगर ,दुर्ग
  छत्तीसगढ़

Tuesday, May 17, 2011

बुद्ध पूर्णिमा पर गीत -पंचशील के अनुगामी

यही धर्म है मोक्ष पथगामी
मध्यम मार्ग सरल
पाँच अनुशीलन हैं इसके
मानव पालन कर.

सत्कर्मों की पूँजी बना ले

प्रेम-भाव अविरल
कर्मों को अपना धर्म समझ ले
करना किसी से न छल.

प्राणी
मात्र पर दया करना तू
जो 
हैं दीन-निर्बल
बुद्ध ने जो सन्देश दिया है
उस पर करना अमल.

राग-रंग नहीं करना तुझको

संयम है तेरा बल
मानव जीवन तुझे मिला है
रखना इसे निर्मल.

त्रिपिटक ग्रंथों में समाये

जीवन सार सकल
प्रज्ञा शील करुणा अपना ले
मोक्ष की कामना कर.

स्वर्ग-नर्क सब किसने देखा ?

किसने देखा कल ?
परम-धाम जाना है तुझको
बुद्ध की राह पर चल.

बुद्धं शरणम गच्छामि

धम्मं शरणम गच्छामि
संघम  शरणम गच्छामि
पंचशील के अनुगामी.


-श्रीमती सपना निगम
 आदित्य नगर,दुर्ग
 (छत्तीसगढ़)
 


Sunday, May 15, 2011

हास्य-छेड़खानी का मामला

कदम के पेड़ पर बैठी मैना
देख उसे बेसहारा
मसखरी करने की गरज से
कौवे ने पुचकारा

बोल मैना रानी

करे तू किसका इंतजार
बड़े दिनों से देख रहा मैं
दिल हुआ बड़ा बेकरार

मैना बोली काले  कौवे

है तेरी क्या मजाल
मुझे समझ में आती है
तेरी सारी चाल

यहाँ नहीं गलने वाली है

तेरी कोई दाल
तुने समझ रखा क्या मुझको
मैं हूँ तेरा माल

अरे काले कौवे जा देख

आईने में अपनी  शकल
मेरी
शकल में क्या रखा है
मुझमें भी है अकल

रोज देखता आईने में

मैं अपनी काया
आज तेरी आँखों में देखूं
दिल तुझपे आया

फिर काले कौवे ने

मैना को मारी आँख
काँव-काँव चिल्लाकर वो
जा बैठा दूजी शाख

-श्रीमती सपना निगम

 आदित्य नगर ,दुर्ग
 (छत्तीसगढ़)