Sunday, May 22, 2011

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,, (भाग-2)


प्राथमिक शाला में जाने के लिये एक बस्ता (कपड़े का सिला हुआ) उस में स्लेट कलम ,स्लेट साफ करने के लिये एक छोटी सी शीशी में पानी और छोटा सा कपड़े का टुकड़ा (अगर स्पंज का टुकड़ा मिल गया तो रईस –सी शान हो जाती थी), एक बाल-भारती की किताब , एक गणित की किताब और शायद एकाध और किताब. हल्की उम्र के लिये हल्का सा बस्ता. वेशाभूषा में सफेद कमीज और नीली पैंट. ना टाई की झंझट , ना जूते-मोजे की अनिवार्यता ,ना ही  टिफिन हुआ करता था.
हिंदी की लिपि सिखाने के लिये गुरुजी श्याम पट पर चाक से ग ,म ,भ ,झ (ये वाला “ झ “ नहीं भ में पूँछ लगा कर बनाया जाने वाला झ जो इस ” की-बोर्ड “ में उपलब्ध नहीं है) वाला पैटर्न उपयोग में लाते थे. लेखन को बारीकी से सिखाने के लिये खड़ी डंडी , आड़ी डंडी , आधा गोला , पूरा गोला , उल्टा आधा गोला , उल्टा पूरा गोला बनाने का अभ्यास कराया जाता था. अक्षर लेखन के साथ ही साथ उच्चारण के अभ्यास कई दिनो तक कुछ इस तरह से कराये जाते थे...अनार के अ ,आम के आ......कलम के क ,खरगोश के ख.......इसी तरह से गिनती और पहाड़े का सामूहिक पाठ होता था. तब के पहाड़े इतने कंठस्थ हो गये कि आज भी हमें कैल्कुलेटर की जरूरत नहीं पड़ती.
कक्षा खत्म होने पर गुरुजी द्वारा छोड़े गये चाक के छोटे – छोटे टुकड़ो को बीन कर अपने बस्ते में रख लिया करते थे.कभी रंगीन चाक के टुकड़े मिल जाते तो लगता था मानो कोई दौलत मिल गई हो.पहली से पाँचवी की बाल-भारती की कवितायेँ अभी तक याद हैँ.
अमर घर चल . चल घर अमर.
झिलमिल झिलमिल तारे चमके , चंदा चमके चम-चम.
बड़ी भली है अम्मा मेरी ,ताजा दूध पिलाती है.मीठे-मीठे फल ले-लेकर मुझको रोज खिलाती है.
माँ खादी की चादर ले दे , मैँ गाँधी बन जाऊँ. सब मित्रोँ के बीच बैठ कर रघुपति राघव गाऊँ.
यह कदम्ब का पेड़ अगर माँ , होता यमुना तीरे , मैँ भी उस पर बैठ कन्हैया बनता धीरे-धीरे .
हमारी शाला मेँ तिलक पुण्यतिथि , नाग पंचमी, गणेशोत्सव तथा राष्ट्रीय पर्व काफी उत्साह से मनाये जाते थे.नाग पंचमी के दिन स्लेट मेँ नाग देवता का चित्र बना कर नारियल फूल और प्रसाद लेकर शाला जाते थे. गणेशोत्सव मेँ शाला मेँ ही गणेश जी की स्थापना की जाती थी.पूरे ग्यारह दिनोँ तक रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ करते थे.
क्या आज दस वर्ष की उम्र तक बच्चे इतने उन्मुक्त वातावरण मेँ बिना बोझ के अपनी प्राथमिक शिक्षा ले रहे हैँ ? क्रमश:........

मेरा बचपन ऐसे बीता,,,,,,(भाग-१)

गुजरा जमाना बचपन का,हाये रे अकेले छोड़ के जाना,और न आना बचपन का आया है मुझे फिर  याद वो जालिम...राजकपूर साहब की फिल्म तीसरी कसम का यह गीत मुकेश जी की आवाज में सभी ने सुना होगा.इस गीत को सुन कर सभी को अपने-अपने बचपन की याद जरुर आती होगी.शायद चार वर्ष की उम्र की धुंधली सी यादें,फिर प्राथमिक शाला की यादें,उसके बाद किशोरावस्था की यादें,फिर ग्यारहवीं कक्षा की यादें.

बचपन के संगी-साथी,कुछ अभिन्न सहपाठी,कुछ गुरुजनों की यादें,दादा-दादी,नाना-नानी की गोद में बैठ कर कहानियाँ सुनना ,कुछ कच्ची उम्र की शरारतें,फिर कालेज के शुरुवाती दिनों की यादें.पढ़ाई पूर्ण होने के बाद कुछ दिन बेरोजगारी के,कुछ यादें नौकरी लगने के प्रारंभिक दिनों की,कुछ आकर्षण,कुछ लगाव.दांपत्य जीवन का प्रारंभ,आँगन में नन्हे बच्चों की किलकारियां.उन बच्चों के बचपन के सूर्योदय के साथ ही अपने बचपन का सूर्यास्त,फिर स्वभाव में कुछ गंभीरता.धीरे-धीरे घर और आफिस की जवाबदारी में अपने आप को भूल जाने की मजबूरियाँ.

शायद  प्रौढ़ावस्था तक का जीवन चक्र यही है.उम्र के इस पड़ाव में जब कभी भी थोड़ी सी फुर्सत मिलती है,बचपन याद आता है और मन में एक मीठी सी गुदगुदी होने लगती है.मेरा बचपन छत्तीसगढ़ के दुर्ग  शहर में बीता है.पिताजी बैथस् र्ट प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक थे .पाँच वर्ष की उम्र में मुझे  शाला लेकर गए.अन्य अध्यापक श्री राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने मुझसे  कुछ प्रश्न पूछे फिर बायें हाथ को सिर के ऊपर से लेजाते  हुए दाहिने कान को छूने को कहा.हाथ की उंगलियाँ कान को छूने में सफल रहीं.गुरूजी ने कहा ठीक है कल से शाला आ जाना.दाखिल-ख़ारिज में नाम दाखिल हो गया.उस ज़माने में शाला में भर्ती करने  के लिए इसी प्रकार से कान छूने की प्रथा चला करती थी.इससे यह पता चलता था कि बच्चे की उम्र  शाला में  भर्ती करने के लायक हो गई है.(क्रमश:)

 -अरुण कुमार निगम
  आदित्य नगर ,दुर्ग
  छत्तीसगढ़

Tuesday, May 17, 2011

बुद्ध पूर्णिमा पर गीत -पंचशील के अनुगामी

यही धर्म है मोक्ष पथगामी
मध्यम मार्ग सरल
पाँच अनुशीलन हैं इसके
मानव पालन कर.

सत्कर्मों की पूँजी बना ले

प्रेम-भाव अविरल
कर्मों को अपना धर्म समझ ले
करना किसी से न छल.

प्राणी
मात्र पर दया करना तू
जो 
हैं दीन-निर्बल
बुद्ध ने जो सन्देश दिया है
उस पर करना अमल.

राग-रंग नहीं करना तुझको

संयम है तेरा बल
मानव जीवन तुझे मिला है
रखना इसे निर्मल.

त्रिपिटक ग्रंथों में समाये

जीवन सार सकल
प्रज्ञा शील करुणा अपना ले
मोक्ष की कामना कर.

स्वर्ग-नर्क सब किसने देखा ?

किसने देखा कल ?
परम-धाम जाना है तुझको
बुद्ध की राह पर चल.

बुद्धं शरणम गच्छामि

धम्मं शरणम गच्छामि
संघम  शरणम गच्छामि
पंचशील के अनुगामी.


-श्रीमती सपना निगम
 आदित्य नगर,दुर्ग
 (छत्तीसगढ़)
 


Sunday, May 15, 2011

हास्य-छेड़खानी का मामला

कदम के पेड़ पर बैठी मैना
देख उसे बेसहारा
मसखरी करने की गरज से
कौवे ने पुचकारा

बोल मैना रानी

करे तू किसका इंतजार
बड़े दिनों से देख रहा मैं
दिल हुआ बड़ा बेकरार

मैना बोली काले  कौवे

है तेरी क्या मजाल
मुझे समझ में आती है
तेरी सारी चाल

यहाँ नहीं गलने वाली है

तेरी कोई दाल
तुने समझ रखा क्या मुझको
मैं हूँ तेरा माल

अरे काले कौवे जा देख

आईने में अपनी  शकल
मेरी
शकल में क्या रखा है
मुझमें भी है अकल

रोज देखता आईने में

मैं अपनी काया
आज तेरी आँखों में देखूं
दिल तुझपे आया

फिर काले कौवे ने

मैना को मारी आँख
काँव-काँव चिल्लाकर वो
जा बैठा दूजी शाख

-श्रीमती सपना निगम

 आदित्य नगर ,दुर्ग
 (छत्तीसगढ़)





Tuesday, May 10, 2011

पुराने फिल्मी गीत

हिंदी फिल्मों का प्रादुर्भाव सन ३० के दशक से हुआ है.मूक फिल्मों से सवाक फ़िल्में .श्वेत -श्याम फिल्मों से रंगीन फिल्में. अब ३ - डी फिल्में और आगे चल कर न जाने क्या -क्या विकास होगा.विकास की इस यात्रा में फ़िल्मी गीतों की सदा अहम् भूमिका रही है.पुरानी फिल्मों में २०-२५ गाने हुआ करते थे.फिर यह संख्या घट कर १०-१२ होते हुए ४-५ तक सिमट गई .गीतों की संख्या के लिए कोई निश्चित सिद्धांत तो है नहीं बस कहानी की मांग के अनुसार स्व-निर्धारित हो जाती रही है.कुछ फिल्में तो बिना किसी गीत के भी बनी हैं.बहुत सी फिल्में तो सिर्फ अच्छे गीतों के कारण ही हिट रही हैं.
      पुराने फ़िल्मी गीत आज भी सबसे ज्यादा पसंद किये जाते हैं.इस पसंदगी के पीछे बहुत से  कारण हो सकते हैं.किसी को बोल के कारण ,किसी को संगीत के कारण ,किसी को गीत के फिल्मांकन के कारण  गीत पसंद होते हैं.हर किसी का कोई न कोई पसंदीदा गायक या गायिका होती है जिसकी आवाज के जादू के कारण उसका गाया हर एक गीत उसे अच्छा लगता है.कुछ -कुछ गीत जीवन की किसी घटना से जुड़े होने के कारण बहुत ही मन भावन लगते हैं.पसंदीदा गायक/गायिका के गीत या जीवन की किसी घटना से जुड़े गीत विशेष श्रेणी में आते हैं.इनके अलावा भी बहुत से गीत बहुत ज्यादा पसंद किये जाते हैं.
      मैंने कोई सर्वेक्षण नहीं किया है फिर भी यदि सबसे अधिक पसंद किये जाने वाले गीतों का सर्वे किया जाये तो मुझे लगता है कि चालीस के दशक के अंतिम दौर से साठ के दशक के अंत  तक के गीत ही सबसे ज्यादा पसंद के दायरे में आयेंगे.चालीस के दशक के अंतिम दौर में हिंदी फिल्मों का संगीत काफी परिष्कृत हो चुका था.पचास और साठ के दशक में इसमें और भी निखार आ गया.सत्तर के दशक के प्रारंभ से ही नए-नए वाद्य यंत्रों के आ जाने से अति उत्साह में वाद्य यन्त्र ,शब्द रचना पर हावी होते गए या यूँ कहिये कि गीतों पर संगीत हावी होता गया.
      चालीस  के दशक के अंतिम दौर से साठ के दशक के अंत की अवधि में जिन गायकों को सर्वाधिक सराहा गया वे हैं मोहम्मद रफ़ी,मुकेश ,मन्ना डे,हेमंत कुमार,तलत महमूद,किशोर कुमार,महेंद्र कपूर आदि .गायिकाओं में लता मंगेशकर,आशा भोंसले,गीता दत्त ,सुरैया,शमशाद बेगम,सुमन कल्यानपुर आदि.इस दौर के संगीतकारों में नौशाद,हेमंत कुमार,शंकर जयकिशन,लक्ष्मीकान्त प्यारेलाल ,मदन मोहन,खैय्याम,ओ .पी.नैय्यर ,सलिल चौधरी आदि को काफी प्रसिद्धि मिली.गीतकारों में मजरूह सुल्तानपुरी,शकील बदायूनी,शैलेन्द्र,साहिर लुधियानवी ,हसरत जयपुरी,कमर जलालाबादी,आनंद बक्षी राजा मेहंदी अली खान आदि के गीत लोगों की जुबान पर चढ़ गए.
       उस दौर के गीतों पर यदि गौर करें तो कुछ विशेषता नजर आएगी.मोहम्मद रफ़ी ,लता मंगेशकर,शकील बदायूनी और नौशाद.मुकेश,लता मंगेशकर ,शैलेन्द्र,हसरत जयपुरी और शंकर जयकिशन,लता मंगेशकर,राजा मेहंदी अली खान और मदन मोहन.साहिर लुधियानवी और खैय्याम,आशा भोंसले और ओ.पी.नैय्यर,मुकेश और कल्याणजी आनंद जी,आनंद बक्षी और लक्ष्मीकांत प्यारेलाल.ये कॉम्बीनेशन कैसे बन गए ?
       मुझे तो ठीक वैसा ही लगता है जैसे दिन के समय धूप और गर्मी मिलने के लिए  पृथ्वी और सूरज का कॉम्बीनेशन , रात की शीतलता में चांदनी का सुख देने के लिए पृथ्वी और चन्द्रमा का कॉम्बीनेशन.प्रकृति ने जैसे जिव्हा  के स्वाद के लिए विविध फलों का सृजन किया.जल के लिए नदी और समुंदर बनाये,आक्सीजन और कार्बन डाइ आक्साइड के चक्र को संतुलित रखने के लिए वनों की रचनाकी .जीवनयापन के लिए विविध प्रकार की वनोपज बनाई उसी प्रकार से ऊपरवाले ने  भारत की धरा पर जन्में मनुष्यों को आनंद देने के लिए एक ही समय में ऐसे कलाकारों को भारत में अवतरित किया है .मोहम्मद रफ़ी,मुकेश,लता मंगेशकर आदि कलाकार ऊपरवाले द्वारा भेजे गए अवतार ही तो हैं.
       कल्पना कीजिये कि यदि आज के दौर में  मोहम्मद रफ़ी,लता मंगेशकर,आशा भोंसले ,तलत महमूद ,हेमंत कुमार ,नौशाद ,आदि कलाकार युवा अवस्था में होते तो क्या उस युग के संगीत की ऊँचाइयाँ  इस युग में स्थापित हो पाती ? इस सवाल का जवाब आप अपने ही दिल से ही पूछिए.मैं तो यह मानता हूँ कि वे सारे कलाकार प्रकृति  और ऊपरवाले  ने मानव मात्र के कल्याण के लिए एक ही युग में ,एक ही देश में अवतार के रूप में भेजा था जिनका संगीत सदा-सदा के लिए मानव को आनंदित करता रहेगा.........क्रमश:..........

-अरुण कुमार निगम

  आदित्य नगर,दुर्ग
   (छत्तीसगढ़)

Wednesday, May 4, 2011

बचपन की स्मृतियाँ

आज अपने घर के आँगन  की याद आती है
टाफियाँ खाओ तो   बचपन की याद आती है.

फुरसत निकाल,  कागज की नाव ही बनालें

आज फिर शरारती  सावन की याद आती है.

हो के सयाने साथी सब,  छूटे  हैं,    बिछड़े हैं

रेल के उन डिब्बों -    इंजन की याद आती है.

कंचे की गोली  , वो लट्टू   ,वो चकरी  - पतंग

अल्हड़ - से धूल सने , तन की याद आती है .

बसते में स्लेट-कलमअधफटी किताबें कुछ

शाला की घंटी , टन  -  टन की याद आती है.

हर     मौसम    घूमते   ,  नंगे - अधनंगे   से

कमर काली डोर के,करधन की याद आती है .

उकताये  बैठे  हैं , सब  सुख - सुविधा पाकर

एक चूल्हा - चौका - बासन की याद आती है.

जीना है  -  ,खाते हैं   , भूख  कहाँ  लगती  है

आज फिर मिट्टी के बरतन की याद आती है.

दाम्पत्य - जीवन  में ,  जब तनाव आता है

मिट्टी  के दूल्हा - दुल्हन की  याद  आती  है . 
 
- अरुण कुमार निगम
  १०५,शंभू श्री अपार्टमेन्ट
  अहिंसा चौक ,विजय नगर
  जबलपुर    ( म.प्र.)

Sunday, May 1, 2011

न उसके नमक को भुलाना सखा !

रिश्ते बनाना बड़ा ही सरल,
बहुत ही कठिन है निभाना सखा !
अगर जिंदगी में कोई शख्स आये
तो ये बात उसको बताना सखा !

हँसी में ,ख़ुशी में सभी साथ देंगे
मगर दुःख पड़ा तो,नहीं साथ देंगे
दुःख में तुम्हारे जो संग-संग चले
उसे मीत अपना बनाना सखा !

है मतलब की दुनियाँ
,है मतलब की यारी
तन और धन के सभी हैं शिकारी
जो थाली से अपनी,तुम्हें दे निवाला
न उसके नमक को भुलाना सखा !

-अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर ,दुर्ग
छत्तीसगढ़